अमझोर पंचायत में कोटेदार की मनमानी? समय पर नहीं खुलती राशन दुकान, ग्रामीणों ने दो दुकानों की उठाई मांग

 सुनील रैदास 

अमझोर। ग्राम पंचायत अमझोर में उचित मूल्य की राशन दुकान की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में कुल 20 वार्ड हैं और बड़ी संख्या में हितग्राही एक ही राशन दुकान पर निर्भर हैं। ऐसे में सभी लोगों को समय पर राशन मिल पाना मुश्किल हो रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार द्वारा राशन दुकान निर्धारित समय पर नहीं खोली जाती, जिसके कारण दूर-दराज से राशन लेने पहुंचने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और मजदूरी करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि 20 वार्डों के लिए एक ही राशन दुकान होने के कारण वितरण व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव रहता है। यदि पंचायत में दो उचित मूल्य की राशन दुकानें संचालित की जाएं तो हितग्राहियों को सुविधा मिलेगी और राशन वितरण भी व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा।

ग्रामीणों ने संबंधित खाद्य विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर राशन दुकान निर्धारित समय पर खुलवाने तथा दो राशन दुकानों की व्यवस्था करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को समय पर राशन मिल सके।