बारिश में बदहाल हुआ पटवारी भवन एवं जिला अभिलेख लोक सेवा केंद्र का रास्ता

अनूपपुर। जिला मुख्यालय स्थित पुराने तहसील भवन के पीछे पटवारी भवन एवं जिला अभिलेख लोक सेवा केंद्र तक पहुंचने वाला मार्ग बारिश के कारण इन दिनों बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया है। रास्ते पर कीचड़ और पानी भरने से आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग की समस्या नई नहीं है। पूर्व से ही यहां पक्की सड़क अथवा व्यवस्थित आवागमन मार्ग का अभाव बना हुआ है। बारिश के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे जिला अभिलेख लोक सेवा केंद्र सहित पटवारी भवन में अपने आवश्यक कार्यों से पहुंचने वाले नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है।
एडवोकेट जयंत राव ने जिला प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि आम नागरिकों की सुविधा को देखते हुए मार्ग पर तत्काल डस्ट अथवा मुरुम डालकर आवागमन योग्य बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थायी रूप से सड़क निर्माण की व्यवस्था होने तक कम से कम बारिश के मौसम में अस्थायी सुधार कार्य कराया जाना आवश्यक है, ताकि लोगों को कीचड़ और जलभराव के बीच आवागमन न करना पड़े।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को निर्देशित कर मार्ग की तत्काल मरम्मत एवं समतलीकरण कराया जाए, जिससे जिला अभिलेख लोक सेवा केंद्र और पटवारी भवन तक पहुंचने वाले नागरिकों को राहत मिल सके।