ब्योहारी विधानसभा में तेज़ हो रही राजनीतिक गतिविधियाँ, आज़ाद समाज पार्टी संगठन विस्तार में जुटी

ब्योहारी/शहडोल। ब्योहारी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल धीरे-धीरे सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। क्षेत्र में विभिन्न राजनीतिक दल जनसंपर्क अभियान और संगठन विस्तार में लगे हुए हैं। इसी क्रम में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) भी गांव-गांव पहुँचकर संविधान, सामाजिक न्याय, शिक्षा, भाईचारा और समान अधिकारों के संदेश के साथ जनसंपर्क अभियान चला रही है।
आज़ाद समाज पार्टी के विधानसभा प्रभारी बृजकिशोर पटेल ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर जोड़ना और उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाना है। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जा रही है तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और अन्य वंचित समुदायों के बीच लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी संविधान की मूल भावना, सामाजिक न्याय, समान अवसर और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच काम कर रही है। क्षेत्र में पार्टी के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में नए लोग संगठन से जुड़ रहे हैं।
बृजकिशोर पटेल ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को और अधिक मजबूत करें, जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दें तथा लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाएँ।