ग्राम बसरोही रैदासपुरा की ज़मीन पर भू-माफियाओं की नज़र 50-60लोगों के ज़मीन नापने आने पर भड़के ग्रामीण, किया जटाशंकर रोड जाम

तहसील कार्यालय में एसडीएम (SDM) ने नहीं सुनी समस्या, भारी विरोध के बाद तहसीलदार ने दिया 15 दिन में निराकरण का आश्वासन

​बिजावर, छतरपुर:

ग्राम पंचायत एरोरा के अंतर्गत आने वाले ग्राम बसरोही (रैदासपुरा) की शासकीय भूमियों पर स्थानीय दलालों और भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जे और बिक्री का खुला प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का आक्रोश तब फूट पड़ा जब भुवर कुआं गाँव के करीब 50 से 60 लोग गाँव की सरकारी ज़मीन को देखने और नापने के लिए पहुँच गए। इस खुलेआम अतिक्रमण और दलाली से आक्रोशित होकर समस्त ग्रामवासियों ने लामबंद होकर आज जटाशंकर रोड पर चक्काजाम कर अपना विरोध दर्ज कराया।

​सड़क जाम होने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को समझाइश देकर तहसील कार्यालय जाने का अनुरोध किया। न्याय की गुहार लगाते हुए भारी संख्या में ग्रामीण बिजावर तहसील कार्यालय पहुँचे और अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान बिजावर एसडीएम (SDM) महोदय वहां आए तो जरूर, लेकिन उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को दरकिनार कर दिया और उनकी बात नहीं सुनी। प्रशासन के इस रवैये से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त हो गया।

​लगातार हो रहे भारी विरोध और प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए अंततः तहसीलदार महोदय ने ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने ग्रामवासियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और यह आश्वासन दिया कि आगामी 15 दिनों के भीतर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने और आवंटन की प्रक्रिया का विधिवत निराकरण कर दिया जाएगा।

​ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:

​ग्राम की शासकीय जमीनों (विशेषकर खसरा नं. 02, 105/5 आदि) को दलालों के चंगुल से मुक्त कराकर अवैध कब्ज़ा तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।

​उक्त भूमियों को गाँव के बच्चों एवं युवाओं के लिए 'खेल मैदान' और अन्य सार्वजनिक उपयोग के लिए विधिवत आवंटित किया जाए।

​ग्रामवासियों ने प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया है कि वे अपनी ज़मीन किसी भी कीमत पर दलालों के हाथों नहीं बिकने देंगे। यह लड़ाई गाँव के भविष्य, बच्चों के शारीरिक विकास और सरकारी ज़मीन को बचाने की है। ग्रामीणों ने कहा कि वे प्रशासन के 15 दिन के आश्वासन पर पूरी नज़र बनाए रखेंगे। यदि समय सीमा के भीतर प्रशासन द्वारा ठोस और उचित कार्यवाही नहीं की जाती है, तो ग्रामीण आगे भी उग्र जन-आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। जब तक गाँव को उसका हक नहीं मिल जाता, यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

​जारीकर्ता:
समस्त ग्रामवासी
ग्राम बसरोही (रैदासपुरा), तहसील - बिजावर,
जिला - छतरपुर (म.प्र.)