ग्रामों के विकास से ही देश का विकास संभव : विधायक श्रीमती मनीषा

 सिंहविकसित भारत जी रामजी योजना से श्रमिकों को मिला श्रम, सम्मान और विकास : विधायक शरद कोलबदलते दौर में रोटी, कपड़ा और मकान के साथ रोजगार भी आवश्यक : कलेक्टर डॉ. केदार सिंह

शहडोल, 2 जुलाई 2026।भारत सरकार द्वारा 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ की गई विकसित भारत जी रामजी योजना का जिला स्तरीय औपचारिक शुभारंभ जनपद पंचायत जयसिंहनगर के सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह एवं ब्यौहारी विधायक श्री शरद कोल ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए गांवों का समग्र विकास और श्रमिकों का आर्थिक सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी रामजी योजना श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने, अधोसंरचना निर्माण को गति देने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने पंचायत विभाग के मैदानी अमले से योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र श्रमिकों तक इसका लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।

ब्यौहारी विधायक श्री शरद कोल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ग्रामीण रोजगार व्यवस्था को समयानुकूल और अधिक प्रभावी स्वरूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत श्रमिकों के लिए न्यूनतम दैनिक मजदूरी 300 रुपये तथा रोजगार की कानूनी गारंटी 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में किसानों, युवाओं, महिलाओं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। विकसित भारत जी रामजी योजना श्रमिकों को श्रम, सम्मान और विकास प्रदान करने वाली ऐतिहासिक पहल है।

कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में रोटी, कपड़ा और मकान के साथ-साथ रोजगार भी जीवन की मूलभूत आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 एक जुलाई से पूरे देश में लागू हो गया है। इसके तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों तक मजदूरी आधारित रोजगार की कानूनी गारंटी मिलेगी। निर्धारित समय में रोजगार उपलब्ध नहीं होने पर बेरोजगारी भत्ते का प्रावधान पूर्ववत लागू रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने समयबद्ध मजदूरी भुगतान एवं डिजिटल निगरानी व्यवस्था पर विशेष जोर दिया है, जिससे योजना का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से हितग्राहियों तक पहुंचे।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने विकसित भारत जी रामजी योजना के राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण भी देखा और सुना। इस अवसर पर योजना के अंतर्गत सेवा प्रदान करने वाले श्रमवीरों का पुष्पमालाओं से सम्मान कर उनके योगदान का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री काजोल सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती फूलवती सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती सिंह, श्रीमती आकांक्षी सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रक्षा सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा सातिका प्रसाद तिवारी पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा अरुण गौतम, पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा मंडल करकी राजेश द्विवेदी पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा मंडल जयसिंहनगर रामनारायण पांडेय , सांसद प्रतिनिधि रावेंद्र शर्मा, जनपद सदस्य रामप्रसाद पयासी, हीरालाल पाल अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुद्रिका सिंह, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती शिवानी जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन जनजातीय कार्य विभाग के श्री राजेंद्र तिवारी ने किया।