जनकपुर में नशीली कफ सिरप के साथ युवक गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
जनकपुर। जनकपुर पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 14 नग ONEREX नामक कोडीन युक्त नशीला सिरप बरामद किया गया है। मामले में औषधि निरीक्षक की जांच रिपोर्ट के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान औषधि निरीक्षक विकास लकड़ा मौके पर उपस्थित रहे। आरोपी सन्नी शर्मा उर्फ निखिल कुमार शर्मा से बरामद सिरप की जांच के बाद औषधि निरीक्षक ने अपनी रिपोर्ट में उक्त दवा को प्रतिबंधित एवं कोडीन युक्त नशीला पदार्थ बताया। गवाहों की उपस्थिति में बरामद सिरप में से दो नमूने पृथक कर फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित किए गए।
पुलिस द्वारा आरोपी को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर उक्त सिरप के संबंध में खरीद-बिक्री अथवा वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। आरोपी ने लिखित में बताया कि उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं है तथा उसने यह सिरप अमरदीप पटेल उर्फ बिक्की पटेल निवासी खड्डा, थाना ब्यौहारी (मध्यप्रदेश) से खरीदा था।
कार्रवाई के दौरान बरामद 14 नग ONEREX सिरप में से दो बोतलों को सैंपल के रूप में सीलबंद किया गया तथा शेष 12 नग सिरप को गवाहों के समक्ष सील कर जब्त किया गया। जब्त सिरप की कुल कीमत लगभग 2821 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 29 A 0966 एवं एक रेडमी मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
औषधि निरीक्षक के अभिमत एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सन्नी शर्मा उर्फ निखिल कुमार शर्मा (32 वर्ष), निवासी संगम चौक जनकपुर के विरुद्ध धारा 21 (सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। अपराध अजमानतीय पाए जाने पर पुलिस ने 28 मई 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
पुलिस अब मामले में नशीली दवाओं की सप्लाई चेन और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।