मवेशी चोर गिरोह का पर्दाफाश: पिकअप वाहन, 3 पड़वा व नकदी समेत दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
सीधी।
थाना सीधी क्षेत्र में लंबे समय से मवेशी मालिकों के घरों व बाहर बंधे मवेशियों की चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के तीन पड़वा, बिक्री की रकम और वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया है। वहीं, गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर धरे गए आरोपी
क्षेत्र में लगातार पड़वा और भैंसों की चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। विवेचना के दौरान 5 सितंबर को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने छोटू उर्फ छोटे खान उर्फ मूक मोहम्मद (35 वर्ष, निवासी कर्रा, मैहर/हाल मुकाम हटवा) और संजय कुमार गुप्ता उर्फ चिंटू (22 वर्ष, निवासी हटवा बरहाटोला, सीधी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
यूपी में बेचते थे चोरी के मवेशी
पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरियों का खुलासा किया:
- ग्राम पोड़ी व शारदपुर: आरोपियों ने पोड़ी से 2 पड़वा तथा शारदपुर से 2 पड़वा व 1 भैंस चुराकर पिकअप (क्रमांक MP53ZF3190) से उत्तर प्रदेश ले जाकर बेच दिए थे।
- ग्राम डोम्हार: 2-3 सितंबर की दरम्यानी रात डोम्हार से दो घरों से 3 पड़वा चोरी कर जंगल में छिपाकर रखे थे।
बरामदगी और जब्ती
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जंगल में छिपाए गए 3 पड़वा, पूर्व में बेचे गए मवेशियों से मिले कुल ₹10,000 नकद (क्रमशः ₹5500 व ₹4500) और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन (MP53ZF3190) को जब्त कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को जयसिंहनगर न्यायालय में रिमांड पर पेश किया गया है।
दो आरोपी फरार
वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी मोनू खान और बिक्रम खान (दोनों निवासी पोड़ी) फिलहाल फरार हैं। पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस टीम की भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी ब्यौहारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सीधी निरीक्षक सेवान्दर राम भगत, सउनि गुलाब सिंह, सउनि दयाराम दुबे, सउनि अमेरिका दास, सउनि सुरेन्द्र कुशवाहा, प्रआर 526 अनिराज सिंह, आर. सतीश सिंह, आर. उदयभान सिंह, आर. शुभम अखण्डे तथा आर. 596 रमेश वर्मा की सक्रिय भूमिका से संभव हुई।



