नशामुक्त समाज के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी। मरकाम नशे से दूरी है जरूरी, खेल मैदान से गूंजा नशामुक्ति का संदेश
वॉलीबॉल में जैतहरी और कबड्डी में माइकल क्लब अनूपपुर बना विजेता, चित्रकला-रंगोली व भाषण प्रतियोगिता में बेटियों ने मारी बाजी
अनूपपुर। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में रविवार 26 जुलाई को जिला खेल परिसर अनूपपुर में “नशे से है दूरी जरूरी” अभियान के अंतर्गत नशामुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वॉलीबॉल, कबड्डी, रंगोली, चित्रकला, भाषण एवं नारे लेखन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से दूर रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगन्नाथ मरकाम के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर जिला खेल प्रशिक्षक एवं जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव रामचंद्र यादव, ब्लॉक समन्वयक जैतहरी दिनेश कुमार सिंह चंदेल, ब्लॉक समन्वयक पुष्पराजगढ़ , खेलन प्रसाद कोल, ब्लॉक समन्वयक कोतमा मिथिलेश सिंह नेताम एवं पूरन सिंह श्याम सहित खेल एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जैतहरी वॉलीबॉल में विजेता, राजनगर उपविजेता
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जैतहरी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि राजनगर की टीम उपविजेता रही। कबड्डी प्रतियोगिता में माइकल क्लब अनूपपुर की टीम विजेता रही।
चित्रकला प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल एमबी पावर जैतहरी की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परिधि मिश्रा ने प्रथम, त्रिशिका जायसवाल ने द्वितीय तथा तनिष्का ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में डीएन सिंह चंदेल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
रंगोली प्रतियोगिता में शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैतहरी की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सुनीता राठौर प्रथम, रचना राठौर द्वितीय तथा रीना प्रजापति तृतीय स्थान पर रहीं।
नशामुक्त समाज के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी: मरकाम
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी अनूपपुर जगन्नाथ मरकाम ने कहा कि “नशे से है दूरी जरूरी” अभियान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशानुसार पूरे मध्य प्रदेश के थानों एवं चौकियों में संचालित किया जा रहा है। खेल विभाग द्वारा खेल गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश देना सराहनीय पहल है। समाज में फैली नशे जैसी विषैली बीमारी को समाप्त करने के लिए हम सभी को मिलकर अपनी भूमिका निभानी होगी।
गांव-गली तक पहुंचाएं नशामुक्ति का संदेश: चैतन्य मिश्रा
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद शहडोल संभाग के संभागीय अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा ने कहा कि नशामुक्ति अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए गांव, गली और मोहल्लों तक पहुंचाना होगा। सभी लोग एकजुट होकर नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करें और आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं,जनजागरूकता के माध्यम से ही स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
नशामुक्त भारत के निर्माण में पुलिस की अहम भूमिका: एक्का
नगर निरीक्षक थाना कोतवाली अनूपपुर संजय अशोक एक्का ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। नशा एक सामाजिक बीमारी है, जिसे सामूहिक प्रयास से ही जड़ से समाप्त किया जा सकता है। नशामुक्त भारत के निर्माण में पुलिस के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
“एक पेड़ मां के नाम” के तहत किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत जिला खेल परिसर के आसपास फलदार पौधों का रोपण भी किया गया। अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने कटहल, नींबू, जामुन एवं अमरूद के पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर निरीक्षक थाना कोतवाली अनूपपुर संजय अशोक एक्का, जिला यातायात प्रभारी विनोद दुबे, डीएवी पब्लिक स्कूल एमबी पावर जैतहरी के प्राचार्य प्रतिनिधि प्रसन्न शर्मा सहित पुलिस विभाग का स्टाफ, खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी ,पत्रकार विज सिंह राठौर एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला खेल प्रशिक्षक एवं जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव रामचंद्र यादव, ब्लॉक समन्वयक जैतहरी एवं स्टेट रेफरी, नेशनल वॉलीबॉल ट्रेनर तथा नशामुक्ति भारत अभियान के राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर दिनेश कुमार सिंह चंदेल, ब्लॉक समन्वयक पुष्पराजगढ़ खेलन प्रसाद कोल, ब्लॉक समन्वयक कोतमा मिथिलेश सिंह नेताम, पूरन सिंह श्याम, अतुल यादव एवं सृष्टि सिंह सहित खेल एवं पुलिस विभाग के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन ब्लॉक समन्वयक खेल एवं युवा कल्याण विभाग जैतहरी एवं राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर दिनेश कुमार सिंह चंदेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने किया।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। खेल गतिविधियों, सांस्कृतिक रचनात्मकता और जनजागरूकता के संगम से आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को नशे से दूर रहने का प्रभावी संदेश देने में सफल रहा।



