"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान का शुभारंभ
राजनगर - उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय राजनगर जिला अनूपपुर द्वारा दिनांक 15 जुलाई 2026 से 30 जुलाई 2026 तक "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित करना है।
अभियान के प्रथम दिवस 15 जुलाई को जागरूकता रैली, ड्रग अवेयरनेस रन तथा जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता संबंधी नारों एवं संदेशों के माध्यम से समाज को नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में सोशल मीडिया जागरूकता कार्यक्रम, रील्स एवं लघु वीडियो निर्माण, विशेषज्ञ व्याख्यान, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों एवं नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और नशे से दूर रहकर ही युवा अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। महाविद्यालय परिवार ने सभी नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनकर नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आग्रह किया है।