पीएम श्री स्कूल टुण्डरा में दस दिवसीय समर कैंप का रंगारंग समापन, बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
शिव यादव
बलौदाबाजार - राज्य शासन के निर्देशानुसार पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला, बरपाली रोड टुण्डरा में 05 जून से 14 जून 2026 तक दस दिवसीय समर कैंप का सफल आयोजन किया गया। समर कैंप में बच्चों ने पूरे उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मकता के साथ सहभागिता करते हुए विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में भाग लिया।
समर कैंप के अंतिम दिवस 14 जून को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष पूजा-अर्चना एवं सामूहिक सरस्वती वंदना के सस्वर वाचन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रधान पाठक श्री अरुण कुमार पटेल द्वारा सभी अतिथियों का चंदन-गुलाल, पुष्पगुच्छ एवं बैज लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने योग प्रस्तुति, भक्ति गीत, छत्तीसगढ़ी गीत तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को देखकर अतिथियों ने उनकी मुक्तकंठ से सराहना की तथा उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार भी प्रदान किए।
समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों को खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियां, नैतिक शिक्षा, योग एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति जैसे विविध माध्यमों से सीखने का अवसर मिला। इससे बच्चों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिली और उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन तथा टीम भावना का भी विकास हुआ। उपस्थित अतिथियों ने समर कैंप के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम बनती हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टुण्ड्रा के प्रभारी प्राचार्य एवं संकुल प्राचार्य श्री टीकम चंद पटेल, संकुल समन्वयक श्री उदित नारायण पैकरा, पार्षद डॉ. नागेन्द्र देवांगन, व्यवस्थापक श्री अमृत साहू, पार्षद श्रीमती प्रमिला साहू, शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री रामलाल केंवट, योग शिक्षक श्री परमेश्वर देवांगन, संगीत शिक्षक श्री गीताराम कमल, शिक्षिका श्रीमती आकांक्षा साहू सहित गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।