प्रेमचंद यादव बने भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष, शिवरतन वर्मा को मिली जिला महामंत्री की कमान

1006593629.jpg

वरिष्ठ व अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी मिलने से कार्यकर्ताओं में उत्साह, दीं शुभकामनाएं

​अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देते हुए पिछड़ा वर्ग मोर्चा अनूपपुर की कमान अनुभवी हाथों में सौंपी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति एवं जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम की अनुशंसा पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेमचंद यादव को मोर्चा का जिला अध्यक्ष तथा शिवरतन वर्मा को जिला महामंत्री नियुक्त किया है।

​प्रेमचंद यादव इससे पूर्व भाजपा के जिला महामंत्री के रूप में संगठन को अपनी सेवाएं दे चुके हैं, वहीं शिवरतन वर्मा अनूपपुर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। दोनों नेताओं के लंबे संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और सरल व्यवहार को देखते हुए कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में इस घोषणा के बाद भारी उत्साह देखा जा रहा है।

​अपनी नियुक्ति पर शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त जिला अध्यक्ष प्रेमचंद यादव ने कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा से खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि जिले में पिछड़ा वर्ग मोर्चा को बूथ स्तर तक सशक्त करना, युवाओं को जोड़ना तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

​कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि इन दोनों अनुभवी नेताओं के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग मोर्चा को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं बैजनाथ मेहता, धर्मेंद्र नाहर, रिंकू दुबे, विनोद तिवारी सहित विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई।