शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल चांपा में ‘युवा सर्जन संवाद’ कार्यक्रम का शुभारंभ
1006374508.jpg

 विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं नवीन कानूनों की दी गई जानकारी


शहडोल। जिले के शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल, ग्राम चांपा, थाना सोहागपुर में 6 अगस्त 2026 को ‘युवा सर्जन संवाद’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला सुरक्षा शाखा, जिला शहडोल की उप पुलिस अधीक्षक शिवाली चतुर्वेदी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य संजय तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। वहीं थाना सोहागपुर से निरीक्षक रामायण प्रसाद रावत, उप निरीक्षक नेहा उइके, सहायक उप निरीक्षक भागचंद, आरक्षक सूरज पटेल एवं आरक्षक केशव धाकड़ तथा जिला साइबर सेल शहडोल के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों एवं कानून संबंधी महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को विशेष रूप से साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नवीन आपराधिक कानून तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में विस्तार से समझाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम, बाल श्रम अधिनियम एवं बाल विवाह अधिनियम सहित अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कानून, साइबर अपराध, सुरक्षा एवं अपने अधिकारों से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का पुलिस अधिकारियों एवं विद्यालय के शिक्षकों द्वारा सरल भाषा में समाधान किया गया।

‘युवा सर्जन संवाद’ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार, सजग एवं सुरक्षित नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।