शासकीय उचित मूल्य दुकान समय एवं दिन निर्धारित कर खुलवाएं :- कलेक्टर 

कलेक्टर ने लोगों से संवाद कर, समस्याओं का त्वरित समाधान के दिए निर्देश 


1006373783.jpg

 कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल ने आज शासकीय उचित मूल्य दुकान धुरवार का निरीक्षण किया। 


कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान शासकीय उचित मूल्य दुकान में पात्र लोगों को खाद्यान्न वितरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही स्थानीय लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतें सुनी। कलेक्टर को लोगों ने ग्राम धुरवार में पानी की समस्या, खाद्यान्न वितरण का समय एवं तिथि निर्धारित नहीं होने पर राशन प्राप्त करने में समस्या होती है, भूमिया जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य समस्याओं से अवगत कराया। जिस पर कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग को समस्याओं की जांच कर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। 

कलेक्टर ने कहा कि शासकीय उचित मूल्य दुकान को संचालित करने हेतु प्रत्येक माह समय एवं तिथि निर्धारित कर लोगों को सूचना दें जिससे राशन प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की समस्या ना हो। कलेक्टर ने नल जल योजना के कार्यों, शासकीय उचित मूल्य दुकान में प्राप्त कर रहे हितग्राहियों की संख्या, राशन उठाव, वितरण आदि की भी जानकारी प्राप्त की। 

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।