जिला अस्पताल में डॉक्टर से मारपीट, ड्यूटी के दौरान युवक ने जड़ा थप्पड़; वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
शहडोल। जिला अस्पताल में ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक डॉक्टर डॉ. नीरज सोनल को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा है। घटना के बाद अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। महिला सिविल सर्जन बीच-बचाव करती नजर आ रही हैं, जबकि मौके पर मौजूद सीएसपी ने हस्तक्षेप कर डॉक्टर को बचाया।
तालाब में डूबे तीन युवकों को अस्पताल लाया गया था
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 9 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे की है। शहर की चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में तीन युवक डूब गए थे। उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद अस्पताल पहुंचे कुछ लोग आक्रोशित हो गए। सिविल सर्जन की ओर से कोतवाली पुलिस को भेजे गए पत्र के मुताबिक, कुछ लोगों ने डॉक्टर की टेबल पर रखा सामान फेंक दिया और टेबल पलट दी। इस दौरान डॉक्टर एवं अन्य कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज भी की गई।
डॉक्टर का कॉलर पकड़कर घेरा, फिर मारा थप्पड़
शिकायत पत्र के अनुसार, इसी दौरान कुछ युवकों ने डॉ. नीरज सोनल का कॉलर पकड़कर उन्हें घेर लिया। भीड़ में शामिल एक व्यक्ति ने डॉक्टर को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद चिकित्सकों की नाराजगी और बढ़ गई है।


