सीएम राइज स्कूल निगवानी में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत निकली भव्य रैली, विद्यार्थियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ
कोतमा/अनूपपुर - मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड कोतमा (जिला अनूपपुर) के निर्देशन और चयनित नवांकुर संस्था 'भगता ग्राम विकास समिति भगता' के मार्गदर्शन में सेक्टर क्रमांक 01 स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सीएम राइज) निगवानी में 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर एक विशाल जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस देशभक्ति पूर्ण कार्यक्रम में विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने "वंदे मातरम्", "भारत माता की जय" और "हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा" के गगनभेदी नारे लगाकर पूरे क्षेत्र को राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत कर दिया। रैली के दौरान केवल देशभक्ति ही नहीं, बल्कि समाज सुधार का भी कड़ा संदेश दिया गया।
जन-जागरूकता के उद्देश्य से नशा मुक्ति के जयघोष किए गए और विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए विशेष रूप से शपथ दिलाई गई।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के सफल आयोजन और अभियान को सार्थक बनाने में नवांकुर संस्था के अध्यक्ष हीरेंद्र तिवारी, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राजेश तिवारी और समस्त शिक्षकगणों की अहम भूमिका रही। इसके साथ ही CMCLDP के छात्र-छात्राएं रूपा रावत एवं वर्मा जी, प्रस्फुटन समिति उरतान से नीरज द्विवेदी सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने इस अभियान को सफल बनाने में अपना सक्रिय और महत्वपूर्ण योगदान दिया।



