सर्पदंश को लेकर वरदान फाउंडेशन जिलाध्यक्ष सुनील रैदास जी की अपील — अंधविश्वास छोड़ें, समय पर अस्पताल पहुंचें

1006516066.jpg
वरदान फाउंडेशन जिलाध्यक्ष सुनील रैदास जी

 शहडोल। बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं की आशंका को देखते हुए वरदान फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष सुनील रैदास जी ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने और जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सांपों के बिलों में पानी भरने के कारण वे खेतों, घरों, झाड़ियों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ सकते हैं।


उन्होंने कहा कि सांप काटने पर घबराएं नहीं, पीड़ित को शांत रखें और बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाएं। झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र और घरेलू नुस्खों के चक्कर में समय बर्बाद न करें, क्योंकि सर्पदंश में समय पर चिकित्सा उपचार बेहद जरूरी है।

सुनील रैदास जी ने अपील की कि बारिश के दिनों में जूते, कपड़े और बिस्तर इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह जांच लें। घर के आसपास घास-फूस, कचरा, लकड़ी और पत्थरों का अनावश्यक ढेर न लगने दें, क्योंकि ऐसी जगहों पर सांप छिप सकते हैं।

रात के समय घर से बाहर निकलते समय टॉर्च का इस्तेमाल करें और खेतों, झाड़ियों या अंधेरे स्थानों पर नंगे पैर जाने से बचें। यदि सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में पीड़ित को अनावश्यक रूप से चलने या दौड़ने न दें और जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं। घाव को काटने, जहर चूसने या कसकर पट्टी बांधने जैसी कोशिश नहीं करनी चाहिए।

सुनील रैदास जी ने कहा कि एक छोटी-सी सावधानी और समय पर सही इलाज किसी की अनमोल जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वयं सतर्क रहने के साथ-साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी सर्पदंश से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की।