स्वच्छता को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह लगातार सक्रिय, वार्ड-वार्ड पहुंचकर करा रहे केमिकल स्प्रे व फॉगिंग

राजनगर। नगर परिषद राजनगर के अध्यक्ष यशवंत सिंह एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखन पनिका नगर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। बरसात के मौसम में मच्छरों, कीड़े-मकोड़ों तथा गंदगी से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अध्यक्ष यशवंत सिंह एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखन पनिका स्वयं नगर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में वार्ड-वार्ड में केमिकल स्प्रे, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव एवं एंटी फॉग (फॉगिंग) मशीन के माध्यम से दवा का छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि मच्छरों एवं अन्य कीटों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखन पनिका ने बताया कि नगर परिषद द्वारा पूरे नगर क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से फॉगिंग एवं केमिकल स्प्रे का कार्य कराया जा रहा है। वहीं अध्यक्ष यशवंत सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, पानी का जमाव न होने दें तथा स्वच्छता अभियान में नगर परिषद का सहयोग करें। नगर परिषद का कहना है कि नगरवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए लगातार स्वच्छता, ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव और फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है। नगर परिषद द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की स्थानीय नागरिकों ने सराहना करते हुए इसे जनस्वास्थ्य की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।