उमरिया, मध्य प्रदेश। जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा धनवार और हड़हा गांव के बीच घोरचट नदी पर बनी पुलिया के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरही गांव निवासी सतीश साहू ट्रैक्टर लेकर अपने गृह ग्राम बरही लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक इंजन के नीचे दब गया और उसकी जान चली गई।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नौरोजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
फिलहाल ट्रैक्टर किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर पलटा, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। ट्रैक्टर मालिक की पहचान और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है
रिपोर्ट: सुनील रैदास


