उमरिया, मध्य प्रदेश। जिले के मानपुर क्षेत्र के महामन गांव में खेत की बाड़ में करंट प्रवाहित किए जाने से एक चीतल की मौत हो गई। मामले में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज सिंह को गिरफ्तार किया है।
वन विभाग के अनुसार, शनिवार रात खेत की बाड़ में लगाए गए नंगे लोहे के तारों में करंट प्रवाहित किया गया था। इसी दौरान चीतल तारों की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होकर जंगल में छिप गया था।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उप संचालक एवं धमोखर के सहायक संचालक के मार्गदर्शन में नरेंद्र चिचखेड़े की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। आरोपी सूरज सिंह, गजराज सिंह का बेटा है और महामन गांव का निवासी बताया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले चार वर्षों से वन्यप्राणी उसकी धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे। उसने यह भी बताया कि खेत में लगी सोलर फेंसिंग खराब थी, जिसके बाद उसने खेत की बाड़ में करंट प्रवाहित किया।
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
रिपोर्ट: सुनील रैदास


