अनूपपुर में पेड़ के पास मिला 55 वर्षीय अज्ञात महिला का शव, इलाके में फैली सनसनी

अनूपपुर। जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर-3 के नवाडीह मोहल्ले में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजुरी–मनेन्द्रगढ़ रेल मार्ग के पास एक पेड़ के नजदीक करीब 55 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन महिला की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी भेज दिया गया।

इलाके में घूमती रहती थी महिला

थाना प्रभारी विकास सिंह के अनुसार, स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला क्षेत्र में घूमती रहती थी। पुलिस के मुताबिक, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ भी हो सकती थी। उसके पास मिले कचरे के आधार पर उसके भिक्षुक होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस महिला की पहचान करने के लिए स्थानीय स्तर पर पूछताछ कर रही है। परिजनों की पहचान होने तक शव को सुरक्षित रखा जाएगा।

रिपोर्ट – सुनील रैदास