ट्रेन की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, रेलवे ट्रैक पर मोबाइल से कर रहा था बात
उमरिया। जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत देवगवां रेलवे फाटक के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। उमरिया-शहडोल रेलखंड की अप लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान सौरभ त्यागी के रूप में हुई है। वह मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के जौरा गांव का निवासी था और निर्माणाधीन ओवरब्रिज का कार्य कर रही के पी पी कंपनी में काम करता था।
प्रत्यक्षदर्शी राजेंद्र त्यागी के मुताबिक, सौरभ मोबाइल फोन पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान उमरिया-शहडोल रेलखंड की अप लाइन पर आ रही ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। ट्रेन की टक्कर से युवक ट्रैक के पास रखे कंक्रीट स्लीपर के नीचे जा गिरा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नौरोजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि मृतक सौरभ त्यागी मुरैना जिले का रहने वाला था। हादसे में उसकी मौत हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट – सुनील रैदास


